बौंसी .राज्य में शराबबंदी लागू होने के बाद अब नशे का कारोबार नए रूप में फैलता नजर आ रहा है. बौंसी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.08 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. मामले का खुलासा बौंसी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने किया. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को गुप्त सूचना मिली कि बौंसी थाना क्षेत्र के पंडा टोला स्थित दत्ता पोखर के समीप कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते ही विशेष छापेमारी टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंशीपुर निवासी फैजुल खान के पुत्र अरमान खान तथा गज्जर निवासी मो. साबिर अंसारी के पुत्र मो. गुलाम जामी अंसारी के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान अरमान खान के पास से 3.01 ग्राम ब्राउन शुगर और ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया. वहीं मो. गुलाम जामी अंसारी के पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, एचएमडी कंपनी का मोबाइल और होंडा एक्स-ब्लेड बाइक (बीआर51डी-9346) जब्त की गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बौंसी थाना कांड संख्या 128/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/22 में प्राथमिकी दर्ज की है. गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शराबबंदी के बाद इलाके में स्मैक और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. खासकर युवाओं को इसकी गिरफ्त में लेने की कोशिश की जा रही है. ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी चेतावनी मानी जा रही है. इस अभियान में अंचल निरीक्षक मनीष कुमार, थानाध्यक्ष पंकज झा, एसआई राकेश कुमार, अनुप कुमार, मिथिलेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा.
ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त
ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त
