115 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पीछा करते समय कच्चे रास्ते में फंसी कार

बाराहाट पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाकेबंदी कर 115 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पीछा कर गुरद्वार गांव के पास कच्ची सड़क पर फंसी कार से उन्हें पकड़ा. शराब से लदी कार को भी जब्त कर लिया गया है.

बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 115 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब लदी अल्टो कार को भी जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव निवासी शिव कुमार और सतेंद्र पासवान के रूप में हुई है.

शराब तस्करों की जप्त की गई कार | Prabhat Khabar Network

पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भगाने लगे कार

थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बौंसी की ओर से एक कार में शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर गुजरने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू की.

इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध अल्टो कार को रुकने का इशारा किया. लेकिन चालक ने पुलिस को चकमा देकर कार तेज गति से भगाना शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया.

गुरद्वार के समीप कच्चे रास्ते में फंसी कार

पुलिस वाहन को पीछे आता देख कार सवार तस्करों ने भागने का प्रयास जारी रखा. इसी दौरान गुरद्वार गांव के समीप कच्चे रास्ते में उनकी कार फंस गयी. इस दौरान कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार में सवार दोनों आरोपितों को पकड़ लिया.

कार से बरामद हुई 115 लीटर विदेशी शराब

कार की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गयी 115 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और अल्टो कार को जब्त कर लिया है. दोनों आरोपितों को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार झा

अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >