बांका के धोरैया थाना क्षेत्र के जोठा गांव के समीप स्थित तालाब में मंगलवार को नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया. कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर जहां गांव में उत्साह का माहौल था, वहीं हादसे के बाद दो परिवारों में मातम पसर गया.
मृतकों की पहचान जोठा गांव निवासी गुड्डू लैय्या की 13 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी और कांग्रेस लैय्या की 15 वर्षीय पुत्री जानकी कुमारी के रूप में हुई है.
अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गयी थीं दोनों
ग्रामीणों के अनुसार, कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर दोनों बच्चियां पिछले चार दिनों से अन्य बच्चों के साथ तालाब में स्नान करने जा रही थीं. मंगलवार को भी दोनों अन्य बच्चों के साथ तालाब पहुंची थीं. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गयीं.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजे गये शव
घटना की सूचना मिलने के बाद धोरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
एक साथ दो बच्चियों की मौत की खबर से जोठा गांव समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गयी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
