रजौन (बांका) से पियूष की रिपोर्ट भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर धोनी स्टेशन के पास बड़ा हादसा होते-होते बचा. धोनी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन पहले से खड़ी थी. उसी ट्रैक पर गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन भी आ रही थी. हालांकि आधा किमी दूर ही पैसेंटर ट्रेन को रोक दिया गया. धौनी स्टेशन के पास गोड्डा–भागलपुर पैसेंजर ट्रेन और भागलपुर की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस एक ही ट्रैक पर अलग-अलग दूरी पर खड़ी रहीं. इस घटना से यात्रियों में संभावित हादसे की आशंका को लेकर दहशत फैल गई.
आधा किमी की दूरी पर रोका पैसेंजर ट्रेन को
रेलवे अधिकारियों के अनुसार धौनी स्टेशन पर सिग्नल नहीं मिलने और रूट लॉक जैसी तकनीकी समस्या के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस को रोका गया. इसी दौरान भागलपुर से गोड्डा जा रही पैसेंजर ट्रेन को भी उसी ट्रैक पर लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर रोक दिया गया. एक ही ट्रैक पर विपरीत दिशा से दो ट्रेनों के खड़े होने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई यात्रियों ने इसे रेलवे की गंभीर लापरवाही बताया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी टिकानी हॉल्ट के समीप एक पैसेंजर ट्रेन और एक इंजन के एक ही ट्रैक पर आ जाने से अफरा-तफरी मच गई थी. उस समय भी रेलवे ने रूट लॉक जैसी तकनीकी समस्या को इसकी वजह बताया था.
तकनीकी फॉल्ट : स्टेशन मास्टर
धौनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर संतोष कुमार भगत ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी. कुछ मिनट तक दोनों ट्रेनों को रोकने के बाद उन्हें अलग-अलग ट्रैक पर लाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया.
