चोरी होने के बाद भी नहीं बदला गया ट्रांफॉर्मर, चार महीने से लो वोल्टेज की मार झेल रहा डॉकी गांव
Banka News : भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने डॉकी गांव के लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है. चार माह पहले ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद से ग्रामीण लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं. कई बार शिकायत के बावजूद नया ट्रांसफार्मर नहीं लगने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के पंजवारा प्रखंड अंतर्गत डॉकी गांव में ट्रांफॉर्मर चोरी की घटना के बाद से ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है. गांव में लगे 50 केवी ट्रांफॉर्मर चोरी हो गयी है. ग्रामीणों के अनुसार, इसकी जानकारी तत्काल बिजली विभाग को दी गयी थी, लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से नया ट्रांफॉर्मर उपलब्ध नहीं कराया गया. इसके कारण लोगों को बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. खासकर गर्मी के मौसम में बिजली की कमी ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है.
अस्थायी व्यवस्था से नहीं मिल रही पूरी राहत
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए पंचायत के मुखिया निखिल बहादुर सिंह उर्फ मानसिंह के सहयोग से समीप स्थित 100 केवी ट्रांफॉर्मर से एक फेज बिजली आपूर्ति की अस्थायी व्यवस्था करायी गयी. हालांकि यह व्यवस्था केवल आंशिक राहत ही दे पा रही है. एक फेज से पूरे गांव को बिजली उपलब्ध कराने के कारण लोड काफी बढ़ गया है. नतीजतन अधिकांश घरों में लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं.
गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें
लगातार लो वोल्टेज रहने से पंखे, कूलर, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण प्रभावी ढंग से नहीं चल पा रहे हैं. इससे भीषण गर्मी में लोगों को राहत नहीं मिल रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है. रात के समय गर्मी के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही है. इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, पानी की आपूर्ति और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि बिजली संकट के कारण गांव का सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द नया 50 केवी ट्रांफॉर्मर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि अस्थायी व्यवस्था से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नया ट्रांफॉर्मर लगाने से ही संभव है. लोगों ने विभागीय अधिकारियों से गांव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है.