बाराहाट बाजार में जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पूर्व के दिनों में बाराहाट कई चीजों के लिए चर्चित था, वहीं हाल के दिनों में यह बाजार अब सिर्फ जाम की वजह से चर्चित हो रहा है.

बाराहाट. बाराहाट का मुख्य बाजार इन दिनों संक्रमण काल से गुजर रहा है. पूर्व के दिनों में बाराहाट कई चीजों के लिए चर्चित था, वहीं हाल के दिनों में यह बाजार अब सिर्फ जाम की वजह से चर्चित हो रहा है. इस जाम के कारण यहां कई लोगों की जान भी जा चुकी है. बाजार में नियमित रूप से छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं. बावजूद इसके, सड़क किनारे मौजूद दुकानदार और रेड़ी लगाने वाले जानबूझकर रास्ता सकरा कर भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर आवागमन को बाधित कर देते हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यह स्थिति और विकराल हो जाती है जब सप्ताह में दो दिन हाट लगता है. इन दिनों लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं. सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ती है और इसी भीड़ में ऑटो और टोटो भी शामिल हो जाते हैं, जो यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए किसी तरह अपने वाहनों को चलाते हैं. इससे खासकर यहां से गुजरने वाले मालवाहक बड़े वाहनों को काफी परेशानी होती है, जिसके कारण मार्ग पर रुक-रुक कर जाम लग जाता है. यह जाम आम लोगों के लिए और भी बड़ी मुसीबत बन जाता है, खासकर तब जब ऐसे समय स्थानीय पुलिस के जवान भी मौके से नदारद रहते हैं. कुल मिलाकर यह मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है. इस मामले पर सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह किसी आवश्यक कार्य से न्यायालय आए हुए हैं. लौटते ही इस गंभीर मुद्दे पर स्थानीय पुलिस से मिलकर समाधान निकाला जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >