काश चोर को सद्बुद्धि देते भगवान! बांका में मंदिर का ताला तोड़ घंटी-दानपेटी से लेकर हारमोनियम तक ले उड़े

बांका जिले में चोरी की घटनाओं का सिलसिला जारी है, अब चोरों ने मंदिर को भी निशाना बनाया है. सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर घंटी, दानपेटी, हारमोनियम और साउंड सिस्टम समेत कई सामान चुरा लिए. घटना से ग्रामीणों में रोष है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही है.

बांका : बांका जिले में चोरी की घटनाओं के बीच अब चोरों ने मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. सदर थाना क्षेत्र के तेलिया सिंघालु गांव स्थित मंदिर में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घंटी, दानपेटी, ढोलक, हारमोनियम और साउंड सिस्टम समेत कई सामान चोरी कर लिये. बुधवार सुबह मंदिर पहुंचने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई.

कीर्तन-भजन के बाद घर लौटे थे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार देर शाम मंदिर में रोजाना की तरह कीर्तन-भजन हुआ था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्रामीण प्रसाद लेकर अपने-अपने घर चले गये. इसके बाद रात में चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया.

सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों ने रात करीब 12 बजे के बाद घटना को अंजाम दिया.

चार पीतल की घंटी, दानपेटी और हारमोनियम समेत सामान गायब

चोर मंदिर के अंदर लगी चार पीतल की बड़ी घंटियां और तीन छोटी घंटियां, अष्टधातु का पूजा लोटा, थाली, दानपेटी, ढोलक और हारमोनियम अपने साथ ले गये. इसके अलावा मंदिर में लगा साउंड सिस्टम और मशीन भी उखाड़कर चोरी कर ली गयी.

ग्रामीणों के मुताबिक, चोरी गये सामान की कीमत हजारों रुपये में है. घटना के बाद मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.

टूटा ताला देखकर सहम गये ग्रामीण, पुलिस से कार्रवाई की मांग

सुबह मंदिर का दरवाजा टूटा देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते चोरी की खबर पूरे गांव में फैल गयी और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में पहुंच गये.

ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर में चोरी की घटना से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है. लोगों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की.

ग्रामीणों ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस पदाधिकारी को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >