सीएम सम्राट चौधरी को धमकी देने वाला आरोपी है सनकी, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास

सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस के द्वारा गिरफ्तार आरोपी जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर पंचायत के खडौंदा गांव का निवासी है.

बेलहर. सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस के द्वारा गिरफ्तार आरोपी जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर पंचायत के खडौंदा गांव का निवासी है. जानकारी के अनुसार, मुंगेर पुलिस ने शुक्रवार को गुजरात पुलिस की मदद से उक्त गांव के शेखर यादव (35) को अहमदाबाद के साणंद से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उसे मुंगेर पुलिस अपने साथ ले आयी. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी एक मनबढ़ू व सनकी किस्म का व्यक्ति है, जो विगत एक वर्ष से गुजरात में रहकर ट्रक चालक का काम करता है. अक्सर वह घर से बाहर ही रहता है. पिता के अनुसार एक दो वर्ष पहले जमीन विवाद को लेकर गोतिया से मारपीट की घटना हुई थी. जिसमें उनके माथे में गंभीर चोट आयी थी. जिसके बाद से उनके स्वभाव में तब्दीली आ गयी. बात-बात में सनक कर मारपीट के लिए उतारु हो जाते है. बेलहर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया है कि गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध डेढ़ साल पूर्व मारपीट का एक मामला दर्ज है.

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 14 अप्रैल को आरोपी किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान सम्राट चौधरी के सीएम बनने की बात पर आरोपी के द्वारा अपशब्द का प्रयोग किया गया है. साथ ही जान से मारने की धमकी दी गयी. बाद में उक्त व्यक्ति के द्वारा मोबाइल पर हुई बातचीत के ऑडियो को वायरल कर दिया गया, जिसका लोकेशन मुंगेर जिले का संग्रामपुर पाया गया. जिसके तुरंत बाद कॉल डिटेल व तकनीकी अनुसंधान के जरिए इस वायरल ऑडियो के आधार पर संग्रामपुर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए थाना में एक मामला दर्ज कर लिया. बाद में मुंगेर एसपी के निर्देश पर एक टीम गठित कर संग्रामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा के नेतृत्व में बेलहर पुलिस की मदद से उनके घर की तलाशी ली गयी, जहां आरोपी मौजूद नहीं था. बाद में मुंगेर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुजरात पुलिस की मदद से आरोपी को शुक्रवार को अहमदाबाद के साणंद से गिरफ्तार कर लिया.

घर की माली हालत नहीं है ठीक

गिरफ्तार आरोपी के घर की स्थिति ठीक नहीं है. पत्नी सुषमा देवी हृदय रोग से पीड़ित है, जो अपने छोटे पुत्र आर्यन के साथ मायके के लोगों के सहयोग से पटना में निजी चिकित्सक के पास अपना इलाज करा रही है. आरोपी को दो बच्ची स्नेहा व सोनाली घर में है. पिता किसन यादव खेतीहर मजदूर है. मां सविता देवी गृहणी है. आरोपी अपने दो भाईयों में बड़ा है, छोटा भाई पवन यादव भी बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करता है, छोटा भाई उनसे अलग रहता है. परिवार में दोनों भाइयों के बीच अनबन है.

मोबाइल पर मिली धमकी के आधार पर आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी मनबढ़ू व सनकी किस्म का व्यक्ति है. इसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के साथ संग्रामपुर व बेलहर पुलिस के द्वारा आरोपी के घर के तलाशी ली गयी.

उपेंद्रनाथ वर्मा, एसपी, बांका

B

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >