शंभुगंज. प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक कन्या विद्यालय कुर्माडीह में प्रतिनियुक्त शिक्षिका मिन्नी कुमारी का शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों के अनुसार, मिन्नी कुमारी लंबे समय से मधुमेह से पीड़ित थीं. स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या के कारण उनका एक पैर काटना पड़ा था. इसके बाद भी वह अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहीं और विद्यालय जाकर शिक्षण कार्य करती थीं.
अचानक चक्कर आने के बाद हुईं अचेत
बताया गया कि शनिवार को अचानक सिर में चक्कर आने के बाद मिन्नी कुमारी अचेत होकर गिर पड़ीं. परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक डॉ. अजय कुमार शर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.उनके निधन के बाद परिवार में मातम छा गया.
स्वास्थ्य समस्या के बावजूद करती रहीं शिक्षण कार्य
मिन्नी कुमारी मूल रूप से क्षेत्र के हस्तिनापुर गांव की निवासी थीं और प्राथमिक विद्यालय हस्तिनापुर में पदस्थापित थीं. स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय कुर्माडीह में प्रतिनियुक्त किया गया था. एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद वह अपने शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रही थीं. स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उनके कार्य के प्रति समर्पण को याद करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया.
पति, पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गईं
शिक्षिका अपने पीछे पति धर्मेंद्र कुमार सिंह, एक पुत्री और दो पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शिक्षकों और अधिकारियों ने जताई गहरी शोक संवेदना
शिक्षिका मिन्नी कुमारी के निधन पर प्रभारी बीईओ भूपेंद्र सिंह, मध्य विद्यालय शंभुगंज के प्रधानाध्यापक सह डीडीओ रघुनंदन सिंह, कन्या प्राथमिक विद्यालय कुर्माडीह की प्रधानाध्यापिका सुमन कुमारी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सच्चिदानंद सिंह, प्रधानाध्यापक पंकज कुमार सिंह, शिक्षक संघ के सचिव बालेश्वर कुमार, गोपी कांत मिश्रा, मनोज कुमार सिंह और पूर्व शिक्षक निर्मल कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की.
