कटोरिया (बांका). जिले के कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर इनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला के ठीक सामने सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. सामने से आ रही अनियंत्रित कार से बचने के प्रयास में बांस लदी टाटा मैजिक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. राहत की बात यह रही कि हादसे में वाहन चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित बच गए. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया. बोकारो से रामपुर जा रही थी टाटा मैजिक दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक धनंजय महतो (ग्राम अंबाडीह) ने बताया कि वह झारखंड के बोकारो जिले के पैतरवार से टाटा मैजिक पर बांस लोड कर रामपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान इनारावरण के समीप सामने से तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित कार को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया. भारी लोड होने के कारण टाटा मैजिक सड़क किनारे ही पलट गई. स्थानीय ग्रामीणों ने की मदद हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चालक व खलासी की मदद की. ग्रामीणों ने वाहन पर लदे बांस को उतारकर टाटा मैजिक को सीधा खड़ा कराया. दुर्घटना में किसी के हताहत नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली. हालांकि वाहन को आंशिक क्षति पहुंची है.
अनियंत्रित कार से बचने में पलटा बांस लदा टाटा मैजिक वाहन, चालक-खलासी बाल-बाल बचे
बांका के कटोरिया-देवघर मार्ग पर बांस लदी टाटा मैजिक पलटी, चालक और खलासी बाल-बाल बचे। अनियंत्रित कार से बचने के प्रयास में हुआ बड़ा सड़क हादसा।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन | Prabhat Khabar Network