पंजवारा. बुधवार को सिद्धिविनायक श्रीगणेश का पूजनोत्सव पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है. इस अवसर पर पंजवारा सती काली मंदिर परिसर के समीप स्थित नवयुवक पुस्तकालय तथा विधनाचक मोहल्ला प्रतिमा क्लब के युवाओं द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा को आकर्षक पंडाल में स्थापित किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कर पूजा-अर्चना संपन्न हुई. पूजनोत्सव के पहले ही दिन वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा. देर रात तक भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा. इसके साथ ही सती काली स्थान में भी भजन संध्या का आयोजन किया गया. भक्तों ने गणेश वंदना और देवी गीतों के माध्यम से श्रद्धा भाव प्रकट किया. पूजा-पंडालों में रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से पूरा क्षेत्र आकर्षक नजर आ रहा है. स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं ने बताया कि आने वाले दिनों में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी चलेगी. क्षेत्र में गणेश उत्सव का यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनता जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
