शंभुगंज (बांका). प्रखंड क्षेत्र के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में संपन्न अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य सोमवार से विधिवत शुरू हो गया. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), पटना के निर्देश के अनुसार विभिन्न पंचायतों में स्थित 19 उच्च विद्यालयों को संकुल संसाधन केंद्र बनाया गया है. प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में मूल्यांकन कार्य कराया जा रहा है.
19 उच्च विद्यालयों को बनाया गया संकुल संसाधन केंद्र
विभागीय व्यवस्था के तहत शंभुगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में स्थित 19 उच्च विद्यालयों को सीआरसी के रूप में चिन्हित किया गया है. इन केंद्रों पर प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई जा रही है.
मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी केंद्रों पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. संबंधित शिक्षकों को मूल्यांकन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं.
पोषक क्षेत्र के विद्यालयों की कॉपियों की हो रही जांच
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक संकुल संसाधन केंद्र पर उसके पोषक क्षेत्र में आने वाले प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है. प्रतिनियुक्त शिक्षक संकुल संचालक और समन्वयक की निगरानी में कॉपियों की जांच कर रहे हैं. मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं की बारीकी से जांच करने के साथ विभागीय मानकों और निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है.
चार कार्य दिवसों में पूरा करना है मूल्यांकन
विभाग की ओर से मूल्यांकन कार्य के लिए चार कार्य दिवसों की समय सीमा निर्धारित की गई है. इसी के अनुरूप सभी संकुल केंद्रों पर जांच कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित अवधि में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया जा सके.
उच्च विद्यालय शंभुगंज सीआरसी में 23 विद्यालयों की कॉपियां
उच्च विद्यालय शंभुगंज स्थित संकुल संसाधन केंद्र में कुल 23 विद्यालयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है. इनमें मध्य विद्यालय शंभुगंज, प्रोन्नत मध्य विद्यालय कर्णपुर, प्राथमिक विद्यालय करसोप सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं. यहां मूल्यांकन कार्य संकुल संचालक सह उच्च विद्यालय शंभुगंज के प्रधानाध्यापक बादल कुमार सिंह तथा समन्वयक सह प्रोन्नत मध्य विद्यालय कर्णपुर के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार के संयुक्त पर्यवेक्षण में कराया जा रहा है.
पारदर्शी तरीके से कराया जा रहा मूल्यांकन
संकुल केंद्रों पर प्रतिनियुक्त शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में जुटे हुए हैं. विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार मूल्यांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है.
