शंभुगंज : शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र की कामतपुर पंचायत में मंगलवार को सरकार के निर्देश पर जन शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. पंचायत के मुखिया शंभुशरण यादव की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग काउंटर लगाये गये. यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए.
11 आवेदन मिले, तीन लाभुकों को मिला जन्म प्रमाण पत्र
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 11 आवेदन ग्रामीणों की ओर से दिये गये. इनमें से जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित तीन लाभुकों को प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया.
शिविर में ग्रामीणों ने आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य समस्याओं को लेकर आवेदन दिया.
जमीन-राजस्व और पेंशन से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई
सहयोग शिविर में भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन वितरण प्रणाली सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गयी. अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी.
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में मुखिया शंभुशरण यादव, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी बाल कुमार सिंह, आरओ अभय कुमार, सीडीपीओ मीना कुमारी, बीसीओ विपिन कुमार, एमओ सह प्रभारी बीईओ भूपेंद्र सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एकता भारती, पीओ अब्दुल गफूर, पंचायत सचिव सुमन कुमार, आरटीपीएस कर्मी राजेश कुमार ठाकुर, दीपक कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर मो. अनस खान समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिया. अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की.
