स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है. इसी कड़ी में लहोरिया सादपुर स्थित द होराइजन स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली. विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा मुख्य मार्गों से होकर गुजरी. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिये बच्चों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाकर लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगायी. बच्चों के उत्साह से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
तिरंगे के साथ निकली बच्चों की टोली
विद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े और देशभक्ति से जुड़े नारे लगाते रहे. यात्रा के दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों और राहगीरों ने भी बच्चों के उत्साह की सराहना की.
तिरंगा यात्रा के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया. विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
भारत माता के रूप में सजे नन्हे बच्चे बने आकर्षण
तिरंगा यात्रा में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा भारत माता का रूप धारण करना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की इस मनमोहक प्रस्तुति ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. भारत माता के रूप में बच्चों ने देश की एकता और गौरव का संदेश दिया.
आजादी के महत्व से रूबरू करा रहा विद्यालय
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
प्राचार्य अवनीश चौधरी ने बताया कि 15 अगस्त को विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय गौरव के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे.
भाषण, देशभक्ति गीत और झांकियां रहेंगी खास
स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रेरणादायक भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसके अलावा देशभक्ति गीतों पर आधारित डांस प्रतियोगिता और ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने वाली आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी. इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में देशप्रेम और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा.
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के डायरेक्टर सूरज भानु, प्राचार्य अवनीश चौधरी सहित शिक्षक पवन, विवेकानंद, रवि और नितेश मौजूद रहे. शिक्षिकाओं में पुष्पा, भारती, मंगली, सोमी, मुनकी, निक्की, मेघा और श्रेया ने बच्चों के साथ यात्रा में भाग लिया. विद्यालय की इस पहल से लहोरिया सादपुर में स्वतंत्रता दिवस का माहौल और अधिक देशभक्तिमय हो गया.
