Banka Health Update : रविवार होने के कारण बांका सदर अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवा और ब्लड सेंटर बंद रहे. अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को केवल आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई. अस्पताल प्रशासन ने पहले से ही इसकी व्यवस्था कर रखी थी ताकि गंभीर मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए. छुट्टी के दिन भी अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही.
24 घंटे इमरजेंसी में तैनात रहे विशेषज्ञ चिकित्सक
आपातकालीन सेवा के लिए अस्पताल में तीन पालियों में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई थी. सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉ. उस्मान गनी ने मरीजों का इलाज किया. दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक डॉ. संजीव कुमार ने इमरजेंसी की जिम्मेदारी संभाली. वहीं रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक डॉ. रविकांत मरीजों की सेवा में तैनात रहे. अस्पताल प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके.
महिला चिकित्सक और एसएनसीयू में भी रही विशेष व्यवस्था
महिला मरीजों और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए भी अस्पताल में पर्याप्त व्यवस्था की गई थी. महिला चिकित्सक के रूप में डॉ. अमृता प्रीतम अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहीं. एसएनसीयू में डॉ. बालकृष्ण चौधरी और डॉ. रविकांत की तैनाती रही. वहीं एनेस्थीसिया विभाग की जिम्मेदारी डॉ. कुमार सौरभ ने संभाली. प्रसव कक्ष में भी अलग-अलग शिफ्टों में महिला चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि गर्भवती महिलाओं को किसी तरह की असुविधा न हो.
वार्डों में जीएनएम और ऑन-कॉल डॉक्टर रहे सक्रिय
अस्पताल प्रबंधन ने सभी वार्डों में ए-ग्रेड जीएनएम की प्रतिनियुक्ति पहले से कर रखी थी. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए ऑन-कॉल चिकित्सकों की भी व्यवस्था रही. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रविवार को ओपीडी बंद रहने के बावजूद गंभीर मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी गई और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं.
