बांका. समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई. बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, आगामी विस चुनाव की तैयारी, केस डिस्पोजल, कुर्की-जब्ती, बाइक चोरी, अपराधियों की गिरफ्तारी सहित अन्य बिंदुओं पर थानावार समीक्षा की गयी. हालांकि, एसपी का मूल फोकस अवैध बालू खनन, लैंड माफिया एवं शराब तस्करी पर पूर्णत: विराम लगाने के अलावे सभी थाना से सीसीए प्रस्ताव भेजने को लेकर रही. एसपी ने बताया कि बालू, शराब व लैंड माफिया के लिए क्राइम लिस्ट तैयार करने के लिए सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया गया है. इसके अलावे जिले में लंबित 3 हजार 100 केसों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है. कहा गया कि एक माह में एक थाना में जितनी केस दर्ज होती है उससे दोगुना केस निष्पादित किया जाना है. तभी पूर्व के लंबित केसों की संख्या कम होगी. साथ ही कोर्ट से मिले इश्तेहार को 24 घंटे के अंदर व कुर्की जब्ती के आदेश को 72 घंटे के अंदर निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया गया. डायल 112 में भी एसपी ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि डायल 112 की पुलिस पर हमले की शिकायत न मिले. इसके लिए संबंधित थाना उसका मॉनीटरिंग करेंगे और थाना के पुलिस पदाधिकारी उनके साथ घटनास्थल पर जायेंगे. थाना में ओडी ऑफिसर को 24 घंटे ड्यूटी में तैनात रहने का निर्देश दिया गया. इस दौरान जो भी आगंतुक थाना में आयेंगे. उनका मामला पंजी में दर्ज कर पीड़ित को रिसिभिंग भी देना अनिवार्य है. साथ ही पुराने मामले के वांछित सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी का भी निर्देश दिया गया. आगामी विस चुनाव को लेकर रहें अलर्ट आगामी विस चुनाव को लेकर एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष टास्क सौंपा है. इसे लेकर सभी थाना से सीसीए प्रस्ताव मांगा गया है. साथ ही चुनाव के समय धांधली फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उसकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है. कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस को अभी से ही क्षेत्र में सक्रिय रहना है. किसी भी तरह की गतिविधि पर विशेष नजर रखने की बात कही गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
