बांका में बिजली की आंखमिचौनी से बढ़ी परेशानी, हर 10 मिनट पर कट रही बिजली
Banka News : एक तरफ आसमान से बरस रही आग और दूसरी तरफ बार-बार गुल हो रही बिजली. कटोरिया और आसपास के इलाकों में लोग भीषण गर्मी से पहले ही परेशान हैं, ऊपर से लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
कटोरिया और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी और उमस के बीच बिजली की आंखमिचौनी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. उपभोक्ताओं का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक हर 10 मिनट से आधे घंटे के बीच बिजली कट रही है, जिससे घरों से लेकर बाजार तक लोग परेशान हैं. लगातार हो रही कटौती के कारण लोगों ने विद्युत विभाग से निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है.
भीषण गर्मी ने लोगों का हाल किया बेहाल
पिछले करीब दस दिनों से क्षेत्र में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं, जबकि लोग घरों में भी राहत महसूस नहीं कर पा रहे हैं. बिजली कटते ही पंखे और कूलर बंद हो जा रहे हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है.
हर दस मिनट पर कट रही बिजली
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से लेकर रात तक बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है. कई बार दस मिनट के भीतर ही बिजली कट जा रही है, जबकि कुछ इलाकों में आधे-आधे घंटे तक बिजली गायब रहती है. इससे लोगों का दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है.
कई गांवों के उपभोक्ता परेशान
कटोरिया के अलावा सुईया, चांदन, जयपुर, कोल्हासार, जमदाहा, राधानगर, करझौंसा, लालपुर और भैरोगंज सहित कई इलाकों के लोग बिजली संकट से परेशान हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय बिजली कटने से लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है.
उमस भरी रातों में बढ़ी परेशानी
लगातार बिजली कटौती के कारण लोग रातभर ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं. उमस और गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने की आशंका भी बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से पेयजल संकट की समस्या भी गहराने लगी है, क्योंकि मोटर और पंप समय पर नहीं चल पा रहे हैं.
निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग
स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से जल्द व्यवस्था सुधारने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटौती आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है.