Shravani Mela 2026 : सुल्तानगंज से बाबाधाम तक की कांवर यात्रा में पटना सिटी के शिवभक्तों की 54 फीट लंबी भव्य कांवर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. करीब साढ़े तीन क्विंटल वजनी इस कांवर को एक दर्जन से अधिक शिवभक्त अपने कंधों पर लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं. महादेव और माता पार्वती की प्रतिमाओं, मंदिर की आकर्षक आकृति तथा करीब नौ किलो चांदी से निर्मित विभिन्न मुकुटों से सजी यह कांवर जहां भी पहुंच रही है, श्रद्धालु उसे देखने और तस्वीरें लेने के लिए रुक जा रहे हैं.
18 वर्षों से निभा रहे अनूठी परंपरा
श्रीश्री विशाल शिवधारी कांवर संघ, पटना सिटी के टीम लीडर विनोद कुमार ने बताया कि वर्ष 2008 से संघ की ओर से हर साल 54 फीट लंबी विशेष कांवर तैयार कर उसे अलग-अलग आकर्षक स्वरूप में सजाया जाता है. इस वर्ष भी लगभग 500 महिला-पुरुष शिवभक्तों का जत्था इस भव्य कांवर के साथ सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ है. यह परंपरा अब श्रावणी मेले की खास पहचान बन चुकी है.
त्रिशूल, गदा और डमरू के साथ गूंजा 'बोल बम'
कांवर के साथ चल रहे श्रद्धालु हाथों में त्रिशूल, गदा और डमरू लिए भक्ति में सराबोर नजर आए. ढोलक की थाप, भजन-कीर्तन और "बोल बम" तथा "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा कांवरिया पथ शिवमय हो उठा. श्रद्धालु नाचते-गाते और भगवान शिव का गुणगान करते हुए बाबा बैद्यनाथ के दरबार की ओर बढ़ते रहे.
रितु सिंह ने उतारी आरती, फल वितरित कर किया स्वागत
राजबाड़ा के समीप प्रसिद्ध सोशल मीडिया क्रिएटर रितु सिंह ने पटना सिटी के शिवभक्तों की इस भव्य कांवर की आरती उतारकर उनका स्वागत किया. उन्होंने कांवरियों के बीच फल का वितरण भी किया. इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. भव्य कांवर, शिवभक्तों की टोली और भक्तिमय वातावरण ने कांवरिया पथ को आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम बना दिया.
