Banka News : पंजवारा बाईपास परियोजना के तहत गुरुवार को अमीन शशि शाह ने मुख्य बाजार स्थित संकट मोचन चौक पर भूमि की पैमाइश की. नापी के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, दुकानदार और आम लोग मौजूद रहे. लोगों ने अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई.
आधुनिक जंक्शन और चौड़ी सड़क की तैयारी
अमीन शशि शाह ने बताया कि परियोजना के तहत संकट मोचन चौक को आधुनिक जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा. योजना के अनुसार संकट मोचन मंदिर से पंजवारा-गोड्डा मार्ग की ओर लगभग 350 फीट तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. प्रस्तावित चौड़ाई करीब 98 फीट निर्धारित की गई है, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही आसान होगी और यातायात अधिक व्यवस्थित हो सकेगा.
अतिक्रमण हटाने के बाद तेज होगा निर्माण कार्य
प्रशासनिक अभिलेखों के अनुसार परियोजना के लिए आवश्यक अधिकांश भूमि पहले से अधिग्रहित है. हालांकि, जमीन के कुछ हिस्सों पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित है. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा. इसके बाद सड़क चौड़ीकरण और जंक्शन निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा.
व्यापारियों और राहगीरों को मिलेगी राहत
संकट मोचन चौक पंजवारा का सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है, जहां प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लंबा जाम लगता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क चौड़ी होने और आधुनिक जंक्शन बनने के बाद यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में काफी सुगम हो जाएगी. इससे न केवल आम लोगों को जाम से राहत मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. स्थानीय व्यवसायियों और वाहन चालकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए परियोजना को जल्द पूरा करने की मांग की है.
