विद्यार्थियों को मिलेगी डीआरसीसी योजनाओं की सही जानकारी, बांका में नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

DRCC Training Banka : बांका डायट परिसर में नोडल शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें डीआरसीसी की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता और कुशल युवा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई.

बांका से निरंजन कुमार की रिपोर्ट

DRCC Training Banka : बांका स्थित डायट परिसर में नोडल शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डीआरसीसी से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं के प्रति जागरूक कर सकें.

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यशाला का शुभारंभ

कार्यशाला का शुभारंभ डीआरसीसी प्रबंधक रजनीश राज एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) देवनारायण पंडित ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षक शामिल हुए.

तीन प्रमुख योजनाओं की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान नोडल शिक्षकों को डीआरसीसी द्वारा संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने इन योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के बारे में विस्तार से बताया.

विद्यार्थियों को जागरूक करने की जिम्मेदारी

डीआरसीसी प्रबंधक रजनीश राज ने कहा कि नोडल शिक्षक अपने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं की पूरी जानकारी देंगे. साथ ही योजनाओं से संबंधित पंपलेट विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगाएंगे और नोडल पदाधिकारी का नाम एवं मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित करेंगे, ताकि जरूरतमंद छात्र आसानी से संपर्क कर सकें.

पास आउट विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश

नोडल शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने विद्यालय से पास आउट छात्र-छात्राओं की सूची उनके मोबाइल नंबर सहित जिला शिक्षा कार्यालय और जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.

हर महीने होगी नोडल शिक्षकों की समीक्षा

डीईओ देवनारायण पंडित ने कहा कि नोडल शिक्षकों के कार्यों की मासिक समीक्षा की जाएगी. इसमें यह देखा जाएगा कि किस विद्यालय से कितने छात्र डीआरसीसी पहुंचे और उन्होंने किन-किन योजनाओं का लाभ प्राप्त किया. कार्यशाला में सहायक प्रबंधक (परियोजना), लेखा सहायक प्रबंधक, बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें : तीन दिशाओं से आये कांवरियों का बौंसी में होता है संगम, एक साथ बाबा बासुकीनाथ धाम की ओर बढ़ते हैं शिवभक्त


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >