प्रखंड के साबरबाड़ी गांव में अपराधियों ने एक फेरीदार से हथियार के बल पर 5500 नकदी समेत एक मोबाइल छीन लिया. पीड़ित फेरीदार अमरपुर शहर के वार्ड नंबर 13 जगत पोखर मोहल्ला निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि जिविकोपार्जन को लेकर वह हल्दी मसाला बिक्री करने के लिए फेरी करता है. रोजाना की भांति वह शनिवार को फेरी करने अमरपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव की ओर गया था. फेरी कर जब वह वापस अपने घर आ रहा था, तभी संध्या सात बजे साबरबाड़ी गांव के समीप महेश मुर्मु, रामु टुड्डु समेत अज्ञात पांच-छह लोगों ने हरवै हथियार से लैस होकर उनका रास्ता रोक लिया व उनके साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे मोबाइल व बिक्री के 5500 रुपैये नकद छीन लिया. पीड़ित फेरीदार ने बताया कि मारपीट के दौरान उक्त लोगों ने घर से एक लाख रुपैये लाने का दबाव बनाते हुए कहा कि अगर पैसा नहीं दोगे तो अपने क्षेत्र में बिजनेस नहीं करने देंगे. मामले को लेकर पीड़ित फेरीदार ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया, थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटनास्थल बांका थानाक्षेत्र में होने की बात कहकर फरियादी को बांका थाना जाने की सलाह दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना बांका थाना क्षेत्र में घटित हुई है. इसिलिए फरियादी को बांका थाना में आवेदन देने की बात कही गयी है.
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.