बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को दो नाबालिग लड़कियों के आपस में विवाह करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गयी. दोनों ने साथ रहने की इच्छा जतायी और परिजनों व ग्रामीणों के समझाने के बावजूद अलग होने को तैयार नहीं हुईं. इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी. पुलिस टीम दोनों को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची.
दो वर्षों से संबंध होने की ग्रामीणों में चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों लड़कियों के बीच करीब दो वर्षों से करीबी संबंध थे. दोनों में से एक लड़की आमतौर पर लड़कों जैसी वेशभूषा रखती है. वह गांव में मजदूरी करती है. राजमिस्त्री के साथ काम करने के अलावा वह डेकोरेशन का काम भी करती है. ग्रामीणों के अनुसार, मजदूरी से मिलने वाली राशि वह दूसरी लड़की पर खर्च करती थी.
पहले भी विवाह के प्रयास की बात
ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले भी लड़कों जैसी वेशभूषा रखने वाली लड़की ने वर्तमान साथी की बड़ी बहन से विवाह करने का प्रयास किया था. उस समय परिजनों और ग्रामीणों के विरोध के बाद दोनों को अलग करा दिया गया था. बाद में परिजनों ने उक्त लड़की की अन्यत्र शादी कर दी थी. इसके बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा.
पूर्व साथी की छोटी बहन से बढ़ा संपर्क
बताया जा रहा है कि बाद में उक्त लड़की का संपर्क अपनी पूर्व साथी की छोटी बहन से बढ़ गया. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह संबंध करीबी रिश्ते में बदल गया. इसके बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया.
घर से ले जाकर मांग में सिंदूर डालने का दावा
रविवार दोपहर बाद लड़कों जैसी वेशभूषा रखने वाली लड़की दूसरी नाबालिग को उसके घर से अपने घर ले गयी. इसके बाद उसकी मांग में सिंदूर डालने की बात सामने आयी. जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी.
परिजनों के समझाने पर भी नहीं मानीं
परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों साथ रहने की बात पर अड़ी रहीं. इसके बाद दूसरी लड़की की मां ने डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गयी. वहां पुलिस और परिजनों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अपनी बात पर कायम रहीं.
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दोनों नाबालिग हैं, इसलिए मामले में नियमानुसार प्रक्रिया अपनायी जायेगी. परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
