Amarpur Woman Death : अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर पंचायत अंतर्गत खेमीचक गांव में शुक्रवार सुबह 32 वर्षीय डोली उर्फ काजल कुमारी का शव घर में फंदे से लटका मिला. प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एफएसएल टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है.
सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मृतका की पहचान खेमीचक गांव निवासी प्रमोद दास की पत्नी डोली उर्फ काजल कुमारी (32) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थी. शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे तो वह घर की छत पर लगे पंखे से रस्सी के फंदे के सहारे लटकी मिली. आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलने पर भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र के गोबरांय गांव से मृतका की मां सुमा देवी, भाई नवल किशोर दास और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. मृतका की मां और भाई ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है.
परिजनों ने बताया कि काजल दो भाइयों की इकलौती बहन थी. उसकी शादी प्रमोद दास से हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं—दो बेटे और एक बेटी.
ये भी पढ़ें : पति से विवाद के बाद 20 वर्षीय महिला ने खाई मिर्गी की 15 गोलियां, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
पति पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप
मृतका के भाई नवल किशोर दास का आरोप है कि उनका बहनोई प्रमोद दास नशे की हालत में अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था. उन्होंने दावा किया कि कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ. शुक्रवार सुबह देवर अमन कुमार ने फोन कर बताया कि काजल की तबीयत खराब है. मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसे मृत पाया.
एफएसएल टीम कर रही वैज्ञानिक जांच
घटना की सूचना पर अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया.
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि महिला का शव फंदे से लटका मिला है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. एफएसएल टीम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है. परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गांव में शोक, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
घटना के बाद खेमीचक गांव में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका का पति अमरपुर बाजार में छड़ बांधने का काम करता है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की पुष्टि की जा सकेगी.
ये भी पढ़ें : बीपीएससी शिक्षिका आत्महत्या मामला: भाई की शिकायत पर पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
ये भी पढ़ें : बांका में BPSC शिक्षिका की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; पति हिरासत में, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
