Banka News आरटीआई में खुलासा : आरोपों की निकली हवा, नियमों के तहत ही चल रहा मंदार का आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज

मंदार स्थित आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सूचना के अधिकार (आरटीआइ) से मिले जवाब ने कई चर्चाओं पर विराम लगा दिया है.

बौंसी (बांका) से संजीव पाठक रिपोर्ट Banka News : मंदार स्थित आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सूचना के अधिकार (आरटीआइ) से मिले जवाब ने कई चर्चाओं पर विराम लगा दिया है. बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा दी गई जानकारी में साफ किया गया है कि पूरे परिसर का संचालन तय नियमों और निविदा शर्तों के अनुसार ही किया जा रहा है.

निविदा प्रक्रिया पर मुहर

आरटीआइ के जवाब में बताया गया कि संचालन एजेंसी का चयन विधिवत निविदा प्रक्रिया के तहत किया गया है. सभी शर्तें पहले से निर्धारित हैं और अनुबंध (एग्रीमेंट) के आधार पर ही काम हो रहा है. इससे चयन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर भी स्थिति स्पष्ट हो गई है. मालूम हो कि आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज को लेकर आरटीआइ के तहत कई सवाल किए गए थे.

शादी-विवाह पर नो बैन

परिसर में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों को लेकर उठे सवाल पर भी आरटीआइ ने तस्वीर साफ कर दी है. जवाब में कहा गया है कि ऐसे आयोजनों पर कोई स्पष्ट प्रतिबंध नहीं है, बशर्ते वे अनुबंध की शर्तों और कानूनी प्रावधानों के तहत हों. सबसे अहम बात यह रही कि विभाग ने स्पष्ट कहा है कि अब तक होटल एवं लीज शाखा में इस परियोजना के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. इससे संचालन व्यवस्था पर उठ रहे सवालों की धार कमजोर पड़ती दिख रही है. ऐसे में स्पष्ट है की इस परिसर से शादी विवाह या अन्य आयोजन किया जा सकता है. यहां की संवेदक पूजा अग्रवाल ने बताया की विभाग के नियमों के अनुसार यहां सारे कार्य किये जा रहे हैं. कुछ लोग बेवजह सवाल करते रहते हैं.

पर्यटन और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा

विभाग के मुताबिक, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना है. यहां आवास, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दुकानों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे न सिर्फ पर्यटकों को सुविधा मिल रही है बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं. आरटीआइ में यह भी सामने आया कि पर्यटन से जुड़े कई निर्णय जिला प्रशासन की समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के आधार पर लागू किए जा रहे हैं. इससे स्पष्ट है कि परियोजना प्रशासनिक निगरानी में संचालित हो रही है. लगातार उठ रहे सवालों और चर्चाओं के बीच आरटीआई से मिले जवाब ने आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज के पक्ष को मजबूती दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MD. TAZIM

MD. TAZIM is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >