Banka News: शंभुगंज (बांका). थाना क्षेत्र के मंझगाय गांव निवासी एक शादीशुदा युवक पर पत्नी और मासूम पुत्री को छोड़ दिल्ली की एक युवती से दूसरी शादी करने का आरोप लगा है. पीड़िता फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के चौरा गांव निवासी शिवानी कुमारी ने सोमवार को शंभुगंज थाना पहुंचकर पति के खिलाफ लिखित आवेदन दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
नवंबर 2024 में हुई थी शादी
पीड़िता शिवानी कुमारी ने बताया कि नवंबर 2024 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसकी शादी मंझगाय गांव निवासी अरविंद तांती के पुत्र मुकेश तांती से हुई थी. शादी के बाद दोनों से एक पुत्री भी हुई. पीड़िता के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पति रोजगार के लिए दिल्ली चला गया था.
दिल्ली में युवती से पहचान के बाद प्रेम संबंध का आरोप
शिवानी कुमारी का आरोप है कि दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान मुकेश तांती की पहचान प्रियंका नामक युवती से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. पीड़िता का दावा है कि इसके बाद मुकेश ने अपनी पहली पत्नी और बच्ची की परवाह किए बिना प्रियंका से दूसरी शादी कर ली.
दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर थाने पहुंची पत्नी
पीड़िता ने बताया कि पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद वह अपने ससुर, भाई और अन्य परिजनों के साथ सोमवार को शंभुगंज थाना पहुंची. वहां उसने पति के खिलाफ लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की. पीड़िता ने पुलिस से न्याय दिलाने और मामले की जांच करने की गुहार लगायी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
Banka News: पुनि सह थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
