कोढ़ा. कोढ़ा प्रखंड के विनोदपुर पंचायत, वार्ड संख्या 13 में रामनवमी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. ध्वजा (झंडा) गाड़ने और बांस छीलने के दौरान हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से युवक अमरजीत कुमार की मौत हो गयी. मृतक अमरजीत कुमार उम्र लगभग 22 वर्ष, पिता धिरेन उर्फ अरविंद महलदार, विनोदपुर वार्ड संख्या 13 निवासी गांव में रामनवमी को लेकर बांस से ध्वजा तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान लंबा बांस ऊपर से गुजर रहे करीब 1.32 लाख वोल्ट के हाई टेंशन तार से सट गया. बांस में अचानक करेंट दौड़ गया और उसे पकड़े अमरजीत उसकी चपेट में आ गए. करेंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा. आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उन्हें सदर अस्पताल कटिहार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गयी थी. घटना की सूचना मिलते ही रौतारा प्रशासन और कोढ़ा के अंचलाधिकारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
गांव में मातम का माहौल
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि अमरजीत कुमार की शादी अगले महीने तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं. ग्रामीणों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि गांव के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार काफी नीचे हैं और बिना पर्याप्त सुरक्षा के हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. समाजसेवी सिकंदर यादव, बबलू निरंजन (मुखिया प्रतिनिधि) और हारुन रशीद सहित कई लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि ऐसे खतरनाक तारों को जल्द हटाया जाए या उनकी ऊंचाई बढ़ाकर उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. फिलहाल पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
