चांदन. प्रखंड के सिलजोरी पंचायत के पैलवा गांव के वार्ड पांच में मंगलवार सुबह करीब दस बजे खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण एक घर में भीषण आग लग गई. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों के हो-हल्ला पर जुटे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार पैलवा गांव निवासी हीरामंडल के घर उनकी बेटी परिवार के लिए खाना बना रही थी. इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों के सहयोग से काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया. सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक ग्रामीणों द्वारा आग पर नियंत्रण पा लिया गया था. पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखा धान, चावल, गेहूं, आलू, कपड़े तथा करीब पांच हजार रुपये नगद जलकर राख हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है. अंचलाधिकारी रविकांत कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है.
रसोई गैस सिलिंडर के रिसाव से घर में लगी भीषण आग
रसोई गैस सिलिंडर के रिसाव से घर में लगी भीषण आग
