NEET UG 2026 Result : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित NEET UG 2026 के परिणाम में कटोरिया प्रखंड के कोल्हुआ गांव निवासी कुणाल राज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. उन्होंने 720 में से 590 अंक प्राप्त किए हैं. ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में उनकी ऑल इंडिया रैंक 6305 आई है. इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
परिणाम आते ही घर पहुंचने लगे बधाई देने वाले
कुणाल राज, कोल्हुआ गांव निवासी सत्यनारायण यादव उर्फ सत्तन यादव और सीमित देवी के पुत्र हैं. परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया.
सीमित संसाधनों में हासिल की बड़ी सफलता
कुणाल ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया. उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत संकल्प और नियमित मेहनत के बल पर बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं.
रोजाना मॉक टेस्ट और टाइम मैनेजमेंट बना सफलता की कुंजी
कुणाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन नियमित पढ़ाई, लगातार मॉक टेस्ट देना, स्वयं तैयार किए गए नोट्स का बार-बार अध्ययन करना और समय का बेहतर प्रबंधन उनकी सफलता का सबसे बड़ा आधार रहा. उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है.
क्षेत्र के छात्रों के लिए बने प्रेरणा
कुणाल की उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. सभी ने विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे और अपने क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगे.
ये भी पढ़ें : प्रभात इंपैक्ट : अनाथ सुमन को स्कूल ने लिया गोद, प्रशासन दिलाएगा परवरिश और पीएम आवास योजना का लाभ
