Kanwariya Route : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों कांवरिया वाहनों के सुगम परिचालन के लिए कटोरिया बाजार के मुड़ियारी मोड़ से आंबेडकर नगर होते हुए देवघर रोड तक जाने वाले बाइपास मार्ग का उपयोग किया जाता है. इस मार्ग का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करना और जाम की समस्या से राहत दिलाना है.
लेकिन मेला शुरू होने से पहले ही इस सड़क की बदहाल स्थिति प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है.
गड्ढों और जलजमाव से बढ़ा हादसे का खतरा
यह बाइपास मार्ग मुड़ियारी मोड़ से शुरू होकर आंबेडकर नगर होते हुए देवघर रोड स्थित तुरी टोला के पास अनाया पेट्रोल पंप के निकट निकलता है. सड़क के शुरुआती और अंतिम हिस्से में पीसीसी सड़क बनी हुई है, लेकिन बीच का कच्चा हिस्सा पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है.
लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो श्रावणी मेला के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है.
हर साल जाम से राहत देता है यह मार्ग
स्थानीय लोगों के अनुसार श्रावणी मेला के दौरान प्रतिदिन हजारों कांवरिया वाहन इस क्षेत्र से गुजरते हैं. अधिकांश वाहन जब बाजार से होकर निकलते हैं तो लगभग हर आधे घंटे पर जाम की स्थिति बन जाती है.
ऐसे में यह बाइपास मार्ग ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यदि सड़क दुरुस्त कर दी जाए तो बाजार में वाहनों का दबाव काफी हद तक कम किया जा सकता है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
मुक्ति निकेतन के सचिव चिरंजीव कुमार सिंह, अनाया पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर अजय कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
उनका कहना है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले यदि बाइपास मार्ग को दुरुस्त कर दिया जाता है तो कांवरिया श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा. साथ ही कटोरिया बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और संभावित दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.
