बांका में फिर बदला मौसम का मिजाज, 23 अगस्त तक बारिश के आसार; गरज-चमक को लेकर अलर्ट

बांका में मानसून की सक्रियता लौट आई है. पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त तक जिले में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश जारी रह सकती है.

बांका में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय होती दिख रही हैं. पिछले दो दिनों से जिले के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है. लंबे समय से तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को भी आसमान में काले बादल छाए रह सकते हैं और जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

आज कैसा रहेगा बांका का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को बांका में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान पूर्वा हवा भी चलेगी, जिसकी रफ्तार करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.

बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

23 अगस्त तक बादलों की आवाजाही रहेगी जारी

बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 23 अगस्त तक बांका में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है.

इस अवधि में बांका का अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यानी दिन में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा, लेकिन बादल और बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.

सुबह उमस, दोपहर में थोड़ी राहत

पूर्वानुमान के मुताबिक सुबह के समय जिले में सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तक रह सकती है. दोपहर में यह घटकर 60 से 70 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है. अधिक नमी के कारण बारिश रुकने के बाद भी उमस महसूस हो सकती है. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरबा हवा चलने का अनुमान है.

भारी बारिश का अनुमान नहीं, फिर भी रहें सावधान

मौसम विभाग ने 23 अगस्त तक बांका में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई है. हालांकि, गरज-चमक के साथ तेज हवा और अचानक बारिश की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए. किसानों के लिए भी मौसम के इस बदलाव पर नजर रखना जरूरी होगा.

बारिश ने गर्मी से दी राहत, लेकिन उमस रहेगी बरकरार

लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने बांका के लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी से राहत दी है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना हुआ है. हालांकि, बारिश थमने के बाद बढ़ी नमी के कारण उमस फिर परेशान कर सकती है. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बादल, हवा और हल्की बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >