अमरपुर. एडीएम अजीत कुमार ने मंगलवार को अमरपुर बाइपास निर्माण का स्थल निरीक्षण किया गया. इस दौरान चपरी, दिग्घी पोखर व सिहुड़ी मोड़ सहित प्रस्तावित मार्ग के विभिन्न स्थलों का जायजा लिया. साथ ही, आवासीय, कृषि एवं अन्य प्रकृति की भूमि का स्थलीय सत्यापन किया गया. उन्होंने मौजूद अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. वहीं रैयती एवं गैर-रैयती भूमि की स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने की बात कहीं गयी. उन्होंने बताया कि बाइपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. जल्द ही निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा. जिससे शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी. विदित हो कि अमरपुर में लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज की पहल पर बाइपास निर्माण की स्वीकृति मिली थी. यह बाइपास सिहुड़ी मोड़ से प्रखंड मुख्यालय रोड होते हुए चपरी मोड़, सतघड़ा, सुड़िहारी से गुजरते हुए कुल्हरिया चौक तक लगभग सात किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है. परियोजना के पूर्ण होने के बाद अमरपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. निरीक्षण के दौरान भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनोद दास, अमरपुर निबंधन कार्यालय के रजिस्ट्रार मुकेश कुमार सुमन, सीओ रजनी, राजस्व कर्मचारी कौशर आलम, अमीन मधुलता कुमारी, मधु कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
एडीएम ने बाइपास निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, दिये निर्देश
एडीएम अजीत कुमार ने मंगलवार को अमरपुर बाइपास निर्माण का स्थल निरीक्षण किया गया.
