गर्मी से बचना है तो खाइये ताड़ का फल, ग्रामीण इलाकों में कमाई का नया जरिया

Natural Cooling Fruit : झुलसाती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच ताड़ का फल लोगों के लिए प्राकृतिक कूलिंग टॉनिक बनकर उभरा है. एक ओर यह शरीर को ठंडक पहुंचाकर डिहाइड्रेशन से बचा रहा है, वहीं दूसरी ओर पंजवारा क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों को मौसमी रोजगार देकर अच्छी आमदनी का जरिया भी बन गया है.

पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट

Banka News : जून की शुरुआत के साथ ही पंजवारा थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. ऐसे मौसम में ताड़ का फल लोगों के लिए राहत का बड़ा साधन बनकर सामने आया है. बाजारों और चौक-चौराहों पर ताड़ के फल की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. प्राकृतिक रूप से शीतलता प्रदान करने वाला यह फल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जा रहा है, बल्कि इससे जुड़े ग्रामीण और युवा प्रतिदिन अच्छी कमाई भी कर रहे हैं. सबलपुर बाजार, लखपुर, विक्रमपुर मोड़, बजरंगबली चौक और साप्ताहिक हटिया क्षेत्र में इन दिनों ताड़ के फल की खूब बिक्री हो रही है.

बाजारों में बढ़ी ताड़ के फल की मांग

पंजवारा (बांका). क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ताड़ का फल लोगों की पहली पसंद बन गया है. सड़क किनारे लगी दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुट रही है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बड़ी संख्या में इस मौसमी फल की खरीदारी कर रहे हैं.

मौसमी कारोबार से युवाओं को मिल रहा रोजगार

ताड़ के एक फल से तीन कोवा (बीज) निकलते हैं, जिन्हें विक्रेता 10 रुपये प्रति पीस की दर से बेच रहे हैं. इस कारोबार से जुड़े युवाओं की प्रतिदिन 700 से 1400 रुपये तक की कमाई हो रही है. ग्रामीण क्षेत्रों से फल लाकर बाजार में बेचने वाले युवाओं के लिए यह दो महीने का महत्वपूर्ण रोजगार साबित हो रहा है.

जोखिम से भरा होता है ताड़ का फल तोड़ना

स्थानीय विक्रेता अवधेश पासी, गोरेलाल पासी और नागो पासी बताते हैं कि यह व्यवसाय जितना लाभदायक है, उतना ही जोखिम भरा भी है. तड़के सुबह ऊंचे ताड़ के पेड़ों पर चढ़कर फल तोड़ना, उन्हें बोरे में भरकर बाजार तक पहुंचाना काफी कठिन और श्रमसाध्य कार्य है. इसके बावजूद मौसमी आय के लिए लोग इस कार्य से जुड़े रहते हैं.

स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं

अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र के चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार ताड़ का फल शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करता है. इसमें मौजूद सोडियम, पोटेशियम और अन्य खनिज तत्व शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं.

डायबिटीज और एनीमिया मरीजों के लिए भी लाभकारी

चिकित्सक डॉ. उदय शंकर झा बताते हैं कि विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर ताड़ का फल डायबिटीज और एनीमिया के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. यह पाचन तंत्र को बेहतर रखने के साथ-साथ शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाने का काम करता है.

गर्मी में राहत और रोजगार का अनोखा संगम

ताड़ का फल इस समय पंजवारा क्षेत्र में सिर्फ एक मौसमी फल नहीं, बल्कि लोगों के लिए स्वास्थ्य और रोजगार दोनों का सहारा बन गया है. जहां उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं ग्रामीण युवाओं के लिए यह फल सीमित समय के लिए ही सही, लेकिन आय का मजबूत साधन साबित हो रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >