अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : नगर पंचायत क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाईमास्ट लाइटें अब लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गई हैं. कई वार्डों में लाइट खराब होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है. वार्ड संख्या 9 के बनहारा मुस्लिम मोहल्ला में पिछले एक माह से हाईमास्क लाइट बंद पड़ी है, जबकि वार्ड संख्या 1 में भी पिछले दो दिनों से लाइट नहीं जल रही है. इससे स्थानीय लोगों को रात के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.अंधेरे में बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइट बंद रहने से रात में आवागमन कठिन हो गया है. सड़कें पूरी तरह अंधेरे में डूब जाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसके साथ ही लोगों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर भी डर बना रहता है.एक माह से खराब लाइट, नहीं हुई मरम्मत
वार्ड संख्या 9 के निवासी मो. असगर अली ने बताया कि पिछले एक महीने से हाईमास्क लाइट खराब पड़ी है. कई बार नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. वहीं वार्ड संख्या 1 में भी लाइट खराब होने से स्थिति और खराब हो गई है.
नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का हाल खराब है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.पहले बेहतर थी स्थिति, अब फिर अंधेरा
लोगों ने बताया कि हाईमास्क लाइट लगने के बाद क्षेत्र में रात के समय रोशनी और सुरक्षा दोनों बेहतर हो गई थी. लेकिन अब लाइट खराब होने से फिर से पुरानी समस्याएं लौट आई हैं, जिससे लोग असहज महसूस कर रहे हैं.
