पंजवारा. बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान ‘मोंथा’ का असर अब बांका जिले के पंजवारा क्षेत्र में भी दिखने लगा है. बुधवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गयी. करीब एक घंटे तक चली बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें भी साफ दिखने लगीं. इस समय खेतों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल खड़ी है. लगातार बारिश से फसल गिरने और दानों के काला पड़ने की आशंका जतायी जा रही है. किसानों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहा, तो उपज पर सीधा असर पड़ेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय तूफान ‘मोंथा’ अगले 24 घंटे तक बिहार के कई हिस्सों में असर डाल सकता है. इससे मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं तेज हवाओं की संभावना है. स्थानीय स्तर पर बुधवार शाम आई तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना है. ग्रामीणों का कहना है कि अचानक आए इस मौसम बदलाव से दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
