पंजवारा. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. शनिवार की शाम बांका विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक सह आईएएस अधिकारी मनाजीर जिलानी समून ने पंजवारा चेक पोस्ट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बाराहाट प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी विकास कुमार एवं पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार उपस्थित रहे. प्रेक्षक ने थानाध्यक्ष से चेक पोस्ट पर चल रहे सघन वाहन जांच अभियान, शराब की खेप एवं नकदी बरामदगी सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया और कहा कि सीमा क्षेत्रों पर पूरी सतर्कता बनाए रखें, ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके. जिलानी ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अमले को लगातार निगरानी रखने की आवश्यकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
