Banka Sadar Hospital OPD : बांका जिले में इन दिनों तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. मौसम में बदलाव के बीच सदर अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. खासकर सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, खांसी, एलर्जी और गले में खराश जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार विभिन्न ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 से 650 मरीजों की जांच और इलाज किया जा रहा है. इनमें 50 प्रतिशत से अधिक मरीज मौसमी बीमारी से संबंधित शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं.
तापमान में बदलाव से बढ़ रही परेशानी
चिकित्सकों के अनुसार तापमान में अचानक होने वाले बदलाव के कारण शरीर को वातावरण के साथ सामंजस्य बैठाने में परेशानी होती है. इसका सीधा असर रोग प्रतिरोधक क्षमता और श्वसन तंत्र पर पड़ सकता है. ऐसे मौसम में सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल बुखार, एलर्जी और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं.
चिकित्सकों ने लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश में भीगने से बचने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने और ठंडी-गर्म चीजों का सेवन संतुलित तरीके से करने पर जोर दिया गया है. वहीं बुखार या अन्य लक्षण लगातार बने रहने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गयी है.
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक दो पालियों में OPD
सदर अस्पताल बांका में मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी का संचालन दो पालियों में किया जा रहा है. पहली ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी ओपीडी दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगी. इसके अलावा इमरजेंसी सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी.
अस्पताल के जारी रोस्टर के अनुसार इमरजेंसी, एसएनसीयू और महिला चिकित्सक की ड्यूटी तीन पालियों में निर्धारित की गयी है. पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और तीसरी पाली रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक होगी.
इमरजेंसी और एसएनसीयू में डॉक्टरों की ड्यूटी
इमरजेंसी विभाग की पहली पाली में डॉ. अपूर्वा कुमार, दूसरी पाली में डॉ. अबसार आलम और डॉ. सूरज कुमार तथा तीसरी पाली में डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ड्यूटी पर रहेंगे.
एसएनसीयू में पहली पाली में डॉ. रविकांत, दूसरी पाली में डॉ. रागिनी प्रिया और तीसरी पाली में डॉ. पंकज कुमार गुप्ता सेवा देंगे. महिला चिकित्सक की ड्यूटी में पहली और दूसरी पाली में डॉ. अनिता अरुण तथा तीसरी पाली में डॉ. रश्मि सीमा महिला मरीजों की जांच और इलाज करेंगी.
आज किस ओपीडी में कौन डॉक्टर रहेंगे
सदर अस्पताल बांका में आज सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक ओपीडी संचालित होगी. मेडिकल ओपीडी में डॉ. विजय कुमार मरीजों को देखेंगे. गायनी ओपीडी में डॉ. रश्मि सीमा, डॉ. ममता कुमारी और डॉ. माहे कायनात की ड्यूटी रहेगी.
सर्जरी एवं अर्थो ओपीडी में डॉ. संजय कुमार सुमन, पीडिया ओपीडी में डॉ. रविकांत मरीजों की जांच करेंगे. आई ओपीडी में गुंजन कुमार, उमेश कुमार और अंकित कुमार सेवा देंगे. वहीं इएनटी ओपीडी में डॉ. गजनफर अली, डेंटल ओपीडी में डॉ. मनोज कुमार तथा फिजियोथेरेपी में डॉ. मणिशंकर और डॉ. वकार मुस्तफा अपनी सेवा देंगे.
मौसम बदलते ही सतर्क रहने की जरूरत
मौसम में लगातार बदलाव के बीच चिकित्सकों ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बदलते मौसम में लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है. मौसम के अनुरूप खान-पान और दिनचर्या में बदलाव कर मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है.
