बाराहाट. प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों खाद की भारी किल्लत और खुलेआम हो रही कालाबाजारी से किसान परेशान हैं. रबी की फसल के इस महत्वपूर्ण समय में उचित मूल्य पर खाद न मिलने से किसानों में भारी निराशा देखी जा रही है. इस गंभीर समस्या को लेकर कई किसानों ने आवाज उठाई है. उन्होंने बताया कि प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा कर दी गयी है. दुकानदार निर्धारित मूल्य से दो गुनी कीमत पर खाद बेच रहे हैं, जिससे मजबूर होकर किसान खरीदने पर बेबस है. किसान गौतम यादव, नीतीश कुमार, राकेश यादव, सुजीत यादव, लालू यादव, नीतीश यादव, अमित भारती सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस पर लगाम लगाने की मांग की है. वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी इंद्रदेव दास ने बताया कि जो भी दुकानदार इस प्रकार के अवैध काम में शामिल है. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. साथ ही उन्होंने बताया कि खाद की बैरक जल्द ही लगने की बात कही गयी है. उन्होंने कहा कि बैरक लगने के साथ ही किसानों की समस्या खुद व खुद समाप्त हो जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
