Woman Rescue : मंगलवार सुबह धोरैया थाना क्षेत्र के झारखंड से सटे नंदगोला पुल के समीप करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में एक महिला गिरी हुई मिली. खेत की ओर जा रहे किसानों की नजर महिला पर पड़ी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला.
सामाजिक कार्यकर्ता ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता विकास मंडल ने तत्काल धोरैया पुलिस को दी. साथ ही महिला की पहचान कराने के उद्देश्य से सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना साझा की गई, ताकि परिजन तक खबर पहुंच सके.
डायल 112 पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही धोरैया थाना की डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में जानकारी मिली कि महिला अठपहरा गांव की रहने वाली है और किसी कारणवश झारखंड की ओर चली गई थी. पुलिस महिला को अपने साथ धोरैया लेकर आई.
आंशिक रूप से घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
गड्ढे में गिरने से महिला को हल्की चोटें आई हैं. पुलिस ने उसे धोरैया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. समय पर ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया.
