गड़ासा से प्रहार कर सो रही वृद्ध महिला को उतारा मौत के घाट

संपत्ति विवाद को लेकर थाना क्षेत्र के चकरोशन गांव निवासी करीब 65 वर्षीय महिला बिंदेश्वरी देवी पति शेरू यादव की हत्या कर दी गयी.

जमीन विवाद में की हत्या

बांका/रजौन. संपत्ति विवाद को लेकर थाना क्षेत्र के चकरोशन गांव निवासी करीब 65 वर्षीय महिला बिंदेश्वरी देवी पति शेरू यादव की हत्या कर दी गयी. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात वृद्ध महिला अपने घर में सो रही थीं. इसी दौरान उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के पीछे जमीन बंटवारे का विवाद कारण बताया जा रहा है. मृतका के पति शेरू यादव ने अपनी पुत्रवधू रूबी देवी पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शुक्रवार रात करीब एक बजे उनकी पुत्रवधू ने गड़ासे से उनकी पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना में रूबी देवी के मायके पक्ष के कुछ लोग तथा गांव के कुछ अन्य व्यक्ति भी शामिल हो सकते हैं. घटना की सूचना मिलते ही रजौन पुलिस चकरोशन गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतका के मझले पुत्र रामू यादव की पत्नी रूबी देवी, छोटे पुत्र गोपाल यादव तथा मृतका के पति शेरू यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के पांच पुत्र थे, जिनमें चौथे पुत्र कन्हाई यादव का निधन हो चुका है. बताया जा रहा है कि शेरू यादव ने अपने पुत्रों के बीच तीन-तीन कट्ठा जमीन का बंटवारा कर दिया था, जबकि करीब सात कट्ठा जमीन अब भी उनके नाम पर है. इसी जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था. इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा रजौन थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष राजरतन के साथ मामले की जानकारी ली. उन्होंने मृतका के पति, पुत्र तथा पुत्रवधू से भी पूछताछ की. एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन बंटवारे का विवाद हत्या का कारण प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >