बांका, धोरैया. धोरैया प्रखंड के अहीरो गांव में शुक्रवार की देर रात सड़क दुर्घटना में 65 वर्षीय उपेंद्र मंडल की मौत हो गयी. वह विषहरी पूजा के लिए आयोजित कलश यात्रा में जल भरने गए थे. अहीरो हाई स्कूल के समीप स्थित तालाब से जल लेकर लौटने के दौरान धोरैया की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
तालाब से जल लेकर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार अहीरो गांव के श्रद्धालु विषहरी पूजा के लिए कलश यात्रा में जल भरने अहीरो हाई स्कूल के समीप स्थित तालाब गए थे. जल भरने के बाद सभी श्रद्धालु अहीरो स्थित विषहरी स्थान लौट रहे थे. बताया गया कि लौटने के दौरान सभी लोग आगे निकल गए, जबकि उपेंद्र मंडल पीछे रह गए. इसी दौरान धोरैया की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया.
दोनों पैर टूटे, कोहनी में भी लगी गंभीर चोट
हादसे में उपेंद्र मंडल के दोनों पैर टूट गए. उनके बाएं हाथ की कोहनी में भी गंभीर चोट आयी. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सक डॉ. ज्योति राजवार ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया.
रेफर किए जाने के दौरान हो गयी मौत
बताया गया कि भागलपुर रेफर किए जाने की प्रक्रिया के दौरान ही उपेंद्र मंडल की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर धोरैया थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.
चार बेटे और चार बेटियों को छोड़ गए उपेंद्र मंडल
मृतक उपेंद्र मंडल अपने पीछे चार बेटे और चार बेटियां छोड़ गए हैं. उनके चारों बेटे रविकांत कुमार, शेखर कुमार मंडल, हेमकांत मंडल और श्रीकांत मंडल दिल्ली में काम करते हैं और घटना के समय गांव में मौजूद नहीं थे. बताया गया कि अस्पताल में उस समय मृतक की बहू ही मौजूद थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं गांव में भी शोक का माहौल है.
