डीएम के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासन, आंगनबाड़ी केंद्र तक जर्जर सड़क के निर्माण की कवायद तेज

Banka Road News : बांका जिले के दुबराजपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाली जर्जर और कीचड़युक्त सड़क के दिन अब बदलने वाले हैं. जिला प्रशासन ने स्थल निरीक्षण कर सड़क निर्माण की दिशा में पहल की है. ग्रामीणों को जल्द ही इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.

Banka Road News : बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत लौढ़िया खुर्द पंचायत के दुबराजपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाले जर्जर और कीचड़युक्त मार्ग के दिन अब बदलने की उम्मीद जगी है. जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण की दिशा में पहल करते हुए कनीय अभियंता और पंचायत सचिव को स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया. अधिकारियों ने सड़क की मापी कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसे जल्द ही स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा.

900 फीट लंबे मार्ग का हुआ सर्वे, जल्द बनेगी विस्तृत रिपोर्ट

डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर कनीय अभियंता ब्रजेश कुमार और पंचायत सचिव रवि कुमार ने संयुक्त रूप से सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क की लंबाई और चौड़ाई की विधिवत मापी की गई. कनीय अभियंता ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने वाले इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 900 फीट है. निरीक्षण के आधार पर विस्तृत प्राक्कलन रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे अनुमोदन के लिए उच्चाधिकारियों के पास भेजा जाएगा.

दो साल पहले बनी सड़क भारी वाहनों से हुई बदहाल

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व आंगनबाड़ी केंद्र का भवन बनने के बाद पंचायत कोष और मनरेगा योजना से पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण कराया गया था. लेकिन इस मार्ग से लगातार ट्रैक्टर और भारी वाहनों के आवागमन के कारण सड़क कुछ ही महीनों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आज स्थिति यह है कि बरसात में सड़क पर घुटनों तक कीचड़ और जलजमाव हो जाता है, जिससे बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है.

नदी के कटाव से बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के किनारे राजडांड़ नदी बहती है. बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से तटों का कटाव होता है, जिससे सड़क को लगातार नुकसान पहुंचता है. यही वजह है कि हर बार मरम्मत के बाद भी सड़क अधिक दिनों तक टिक नहीं पाती.

ग्रामीणों ने गाइड वॉल निर्माण की उठाई मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल सड़क निर्माण से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. उन्होंने नई सड़क के साथ नदी किनारे मजबूत गाइड वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कराने की भी मांग की है. उनका कहना है कि यदि गाइड वॉल बनाई जाती है तो सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और सरकारी राशि का भी बेहतर उपयोग होगा.

प्रशासनिक स्वीकृति के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य

अधिकारियों ने बताया कि स्थल निरीक्षण के बाद तैयार की जा रही रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे दुबराजपुर गांव के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >