सगुनी महादलित बस्ती में नाला बना संकट, ढक्कन और सफाई को लेकर ग्रामीणों का किया प्रदर्शन

Banka News : गांव में विकास के नाम पर नाला तो बना, लेकिन ढक्कन और सफाई की अनदेखी ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी. खुले नाले में बच्चों के गिरने और गंदे पानी से फैलते खतरे ने ग्रामीणों को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया.

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Banka News : शंभुगंज प्रखंड अंतर्गत बिरनौधा पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित सगुनी महादलित बस्ती में नाला व्यवस्था की बदहाली को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया. लोगों का आरोप है कि वर्षों पहले बने नाले की न तो नियमित सफाई हुई और न ही ढक्कन लगाए गए, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और खतरे का माहौल बन गया है.

खुला नाला बना खतरे की वजह

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में जल निकासी के लिए नाला तो बनाया गया, लेकिन अधिकांश हिस्सों में आज तक ढक्कन नहीं लगाए गए. खुले नाले के कारण आए दिन बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं. कई बार स्थानीय लोगों ने खुद चंदा इकट्ठा कर कुछ जगह ढक्कन लगाने की कोशिश की, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई.

बरसात में बिगड़ जाती है स्थिति

बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. नाले की सफाई नहीं होने से गंदा पानी भरकर घरों और आंगन तक पहुंच जाता है. इससे लोगों को न केवल आवागमन में परेशानी होती है बल्कि संक्रमण फैलने का भी खतरा बढ़ जाता है.

ग्रामीणों का आक्रोश, प्रदर्शन में उठी आवाज

भाकपा-माले नेता रणवीर कुशवाहा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. प्रदर्शन में शामिल पप्पू दास, अरुण दास, तेतर दास, राधा देवी, सरिता देवी और रूबी देवी सहित कई लोगों ने कहा कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

बोले पंचायतीराज पदाधिकारी

इस मामले पर प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी सुरेंद्र पाल ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >