TB Awareness : अमरपुर रेफरल अस्पताल में सोमवार को चिकित्सकों और समाजसेवियों की पहल पर यक्ष्मा (टीबी) मरीजों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करना था.
टीबी अब लाइलाज नहीं, समय पर इलाज है जरूरी
कार्यक्रम में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अभय प्रकाश चौधरी ने कहा कि यक्ष्मा अब लाइलाज बीमारी नहीं है. वर्तमान में प्रत्येक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर इसका निःशुल्क उपचार उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि दवा के साथ-साथ मरीजों के लिए पौष्टिक भोजन और संतुलित आहार भी उतना ही आवश्यक है, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे.
समाजसेवियों की पहल की सराहना
डॉ. अभय प्रकाश चौधरी ने टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आए समाजसेवियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से मरीजों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें बीमारी से लड़ने की ताकत मिलती है. उन्होंने मरीजों से समय पर भोजन करने और नियमित रूप से दवा लेने की अपील की.
चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों को टीबी उपचार के दौरान दवा बीच में नहीं छोड़ने, नियमित जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि समय पर इलाज और सही खान-पान से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है.
जनप्रतिनिधि और अस्पताल कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. दीप्ती सिन्हा, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रीता साहा, डॉ. पंकज कुमार, समाजसेवी सह वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू, अनिल दारूका, राजेश साहा, राजेश साह, मो. असगर अली, अस्पताल प्रबंधक ऋषि कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक यशराज, बीसीएम सोनम भारती, अभिषेक कुमार घोष सहित अस्पताल के कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और समाजसेवी उपस्थित रहे.
