कटोरिया में हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शिव भजनों पर झूमे भक्त

कटोरिया में सोमवारी पर शिव भक्ति का अद्भुत नजारा दिखा. शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पूजा-अर्चना की. शिव चर्चा और भजनों से पूरा माहौल शिवमय बना रहा.

सोमवार को कटोरिया और आसपास का पूरा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया. सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही. भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और बेलपत्र, फूल, फल सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र में शांति और विश्व कल्याण की कामना की.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजते रहे शिवालय

मंदिर परिसरों में लगातार गूंज रहे ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नम: शिवाय’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा. पिंड़रा पहाड़ स्थित पहाड़नाथ शिव मंदिर, कठौन स्थित शिव मंदिर, आइडियल होली मिशन के समीप स्थित शिवालय, कांवरिया धर्मशाला परिसर स्थित बाबा कामेश्वर धाम और थाना रोड स्थित ठाकुरबाड़ी में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की.

सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना की.

शिव-चर्चा में हुआ भोलेनाथ का गुणगान

पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न स्थानों पर शिव-चर्चा का आयोजन किया गया. भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसके बाद शिव महिमा का गुणगान, शिव कथा, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन का दौर चला.

महिला श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान भोलेनाथ का गुणगान किया. इस दौरान प्रेम, शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया.

शिव भजनों पर भक्ति में झूमते नजर आए श्रद्धालु

शिव-चर्चा के दौरान गूंजते भजनों की मधुर धुन और शिव नाम के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए. मंदिर परिसरों में देर तक भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे.

सामूहिक आरती के बाद श्रद्धालुओं में बंटा प्रसाद

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में हिस्सा लिया. इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया. सोमवारी पूजा को लेकर सुबह से देर शाम तक कटोरिया क्षेत्र में आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा. शिवालयों से उठते जयघोष और भजनों की गूंज से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >