Blood Donation Camp : बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित रक्तदान महाशिविर में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से लोगों ने मानवता की सेवा का संदेश देते हुए जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया.
शिविर का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीलांबर नीलय ने किया. स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया.
समाचार लिखे जाने तक आठ यूनिट रक्त हुआ संग्रहित
शिविर के दौरान समाचार लिखे जाने तक कुल आठ यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका था. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि रक्त संग्रह का कार्य लगातार जारी था और लोगों की भागीदारी उत्साहजनक रही.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीलांबर नीलय ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से गंभीर और आपातकालीन मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी. उन्होंने लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य'
स्वास्थ्य प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि शिविर का आयोजन सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया. उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए.
उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
अस्पताल प्रशासन की पहल की हुई सराहना
रक्तदान महाशिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने अस्पताल प्रशासन की सराहना की. उनका कहना था कि इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े. उन्होंने इसे समाजहित और जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया.
