बांका में नेत्रहीन व्यक्ति की गला दबाकर हत्या, खाना खाकर पुराने घर जा रहा था, रास्ते में बदमाशों ने बनाया निशाना

Blind Man Murder : बांका जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नेत्रहीन व्यक्ति, लूटन यादव की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Blind Man Murder : बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के कुसुमजोरी पंचायत स्थित गोरिअम्बा गांव में रविवार देर रात एक नेत्रहीन व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गयी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मृतक की पहचान गोरिअम्बा गांव निवासी स्वर्गीय जमुना यादव के 43 वर्षीय पुत्र लूटन यादव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

खाना खाकर पुराने घर जा रहा था लूटन

परिजनों के अनुसार लूटन यादव रविवार रात अपने नये घर में खाना खाने के बाद पुराने घर में सोने के लिए जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाये अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि बदमाशों ने लूटन के ही गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी.

घटना के बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो घर में चीख-पुकार मच गयी. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है.

हत्या की वजह अब तक साफ नहीं

लूटन यादव की हत्या किस वजह से की गयी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है. मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार और सअनि रविशंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अज्ञात बदमाशों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा

नेत्रहीन लूटन यादव की हत्या के बाद गोरिअम्बा गांव में मातम का माहौल है. घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हत्यारों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >