मंदार पर्वत की तराई स्थित आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार, पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, कटोरिया विधायक पूरन लाल टुडू, मुंगेर विधायक प्रणय कुमार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री शैलेंद्र कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी उसकी मेहनत और निष्ठा के आधार पर बड़ा दायित्व सौंपा जाता है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी है, जिसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे.उन्होंने कहा कि उनके विभाग की जिम्मेदारी पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्तर के नेता संभाल चुके हैं, ऐसे में उनके कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती है. मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी की सेवा करते रहें, क्योंकि भाजपा में समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान अवश्य होता है.पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी संभाले उन्हें अभी एक माह ही हुआ है, लेकिन जल्द ही विकास कार्यों में तेजी दिखाई देगी. उन्होंने हंसडीहा-भागलपुर नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य को लेकर कहा कि इस दिशा में भी शीघ्र पहल की जाएगी.वहीं विधायक रामनारायण मंडल ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाता है.पार्टी आज कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है.विधायक पूरन लाल टुडू ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना गर्व की बात है.उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और मेहनत की बदौलत ही वे विधायक बने हैं.कार्यक्रम को मुंगेर विधायक प्रणय कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामानंद चौधरी, अजय दास, विकास सिंह, महेश गुप्ता एवं प्रीति शेखर ने भी संबोधित किया.शिविर के दौरान प्रदेश से आए प्रशिक्षकों द्वारा भाजपा की संगठनात्मक कार्यप्रणाली, विचारधारा एवं आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया.कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.इस अवसर पर राजीव लोचन मिश्रा,अनुपम गर्ग, विश्वनाथ सिंह, हीरा मंडल, दिगंबर यादव, दिगंबर मंडल, रेजिना हेंब्रम सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे. दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज होगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.