बेलहर में विक्षिप्त व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, वृद्ध पर हमले के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

बांका जिले के बेलहर में एक विक्षिप्त व्यक्ति ने वृद्ध पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने विक्षिप्त व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के ताराकुरा गांव में गुरुवार को हिंसक घटना सामने आई. गांव के एक विक्षिप्त व्यक्ति ने कथित रूप से एक वृद्ध पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने विक्षिप्त व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.

वृद्ध पर ईंट से हमला, गांव में फैला तनाव

जानकारी के अनुसार, ताराकुरा गांव निवासी 40 वर्षीय संतोष पुझार ने गांव के ही वृद्ध जागेश्वर साह पर अचानक ईंट से हमला कर दिया. हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी.

पुलिस लौटने के बाद फिर हुआ विवाद

मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई. इसके बाद घायल वृद्ध के परिजन उन्हें इलाज के लिए जमुई लेकर चले गए. आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद संतोष पुझार ने फिर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया.

आरोप- लाठी-डंडों से पीटकर कर दी हत्या

ग्रामीणों और घायल वृद्ध के परिजनों पर आरोप है कि उन्होंने एकजुट होकर संतोष पुझार की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता छतरी पुझार, मां बसिया देवी, पत्नी लवनती देवी तथा पुत्र सनोज पुझार और मनोज पुझार ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ लोगों ने संतोष की पीट-पीटकर हत्या की है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

उप-थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि संतोष पुझार का शव उसके घर के पास मिला है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

ALSO READ: कटोरिया अस्पताल में एएनएम ने असहाय वृद्धा को अपने हाथों से खिलाया भोजन, वीडियो ने जीता लोगों का दिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhay kumar

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >