मौसम का नया अपडेट: बांका में 28 जून तक बारिश के संकेत, लेकिन पहले दो दिन सताएगी लू

Banka Weather Update: क्या मानसून की दस्तक से मिलेगी गर्मी से राहत? जानिए बांका, भागलपुर, मुंगेर और जमुई के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान.

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट

Banka Weather Update: बांका सहित पूर्वी बिहार के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 24 से 28 जून के बीच बांका, भागलपुर, मुंगेर और जमुई में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि बारिश से पहले लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है.

24 और 25 जून को लू का असर रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार के कई जिलों में 24 और 25 जून को लू चलने के आसार हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

Banka Weather Update: 28 जून तक हल्की बारिश के संकेत

पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 28 जून के दौरान बांका, भागलपुर, मुंगेर और जमुई जिले के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है. बारिश की गतिविधियां व्यापक नहीं होंगी, लेकिन इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में कुछ कमी देखने को मिल सकती है. बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के कारण मौसम में बदलाव का एहसास होगा.

39 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग ने इस अवधि में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. गर्मी और नमी के संयुक्त प्रभाव से लोगों को उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है.

हवा और आर्द्रता का भी रहेगा असर

जारी पूर्वानुमान के अनुसार सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 60 से 70 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर में यह घटकर 25 से 30 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर दैनिक जीवन के साथ-साथ खेती-किसानी पर भी पड़ेगा.

किसानों को दी गयी विशेष सलाह

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा है कि वर्षा और मेघगर्जन की संभावनाओं को देखते हुए खेतों में आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें ताकि मौसम में बदलाव का लाभ फसलों को मिल सके.

ये भी पढ़े : बिजली बिल से लेकर ट्रांसफाॅर्मर तक की हर समस्या का होगा समाधान, जानिए क्या बोले कार्यपालक अभियंता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >