लोक शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन में बांका जिले ने अगस्त में राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है. जिलावार रैंकिंग में बांका को दूसरा स्थान मिला है. निर्धारित विभिन्न मानकों पर जिले ने कुल 100 में 89.29 अंक हासिल किए हैं. रैंकिंग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में समय-सीमा के भीतर 98.74 प्रतिशत परिवादों का निष्पादन किया गया.
समय पर शिकायत निपटाने में मिले पूरे 30 अंक
समय-सीमा के भीतर परिवादों के निष्पादन के मानक पर बांका को 30 में पूरे 30 अंक मिले हैं. वहीं समय-सीमा के बाहर निष्पादित मामलों का प्रतिशत शून्य रहा. लोक प्राधिकारियों की उपस्थिति भी 100 प्रतिशत दर्ज की गयी.
प्रथम अपील के 98.01 प्रतिशत और द्वितीय अपील के 96.11 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया. शास्ति आरोपित राशि की वसूली के मामले में भी जिले का प्रदर्शन शत-प्रतिशत रहा.
विभागीय कार्रवाई और बैठक के मानक पर भी पूरे अंक
शास्ति आरोपित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए जिले को 10 में 10 अंक मिले. इसके अलावा जिला स्तर पर बैठक आयोजित करने और संबंधित विवरण अपलोड करने के मानक में भी बांका ने 5 में 5 अंक हासिल किए.
इन आंकड़ों से लोक शिकायतों के निष्पादन की समयबद्धता और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन में जिले के प्रदर्शन का पता चलता है.
डीएम के मार्गदर्शन में नियमित हो रही समीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार, लोक शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है. डीएम अंशुल अग्रवाल के मार्गदर्शन में शिकायतों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन और लोक प्राधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
डीएम ने लोक शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले को रैंकिंग में प्रथम स्थान पर लाने के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया है. उन्होंने लोक शिकायत निवारण से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने तथा शिकायतों के निष्पादन में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया है.
